हनुमानगढ़ जिले की संगरिया थाना पुलिस ने डोडा-पोस्त तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। एसपी आदित्य ने बताया कि संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यह मामला 27 जून 2025 का है। उस दिन एसआई प्रमोद सिंह और उनकी टीम ने गश्त के दौरान भारतमाला रोड पर नग्गराना टोल प्लाजा के पास एक वाहन की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान वाहन से 56 किलो 670 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त छिलका बरामद किया गया था। इस संबंध में संगरिया थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूरे नेटवर्क का होगा खुलासा इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी गोपाल उर्फ गोपी ठौरी (पुत्र कुंभाराम, निवासी ठौरियों की ढाणी, चांदरख, थाना खेड़ापा, जिला जोधपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। गोपाल उर्फ गोपी ने पूछताछ में बताया था कि उसने बरामद डोडा-पोस्त पूनमचंद बिश्नोई (निवासी नांदिया प्रभावती, जिला जोधपुर) से खरीदा था। इसके बाद से पूनमचंद फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने आरोपी पूनमचंद की तलाश की और उसे गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।