हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने नशे के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 17 हजार प्रतिबंधित नशीली टैबलेट्स और कैप्सूल पकड़े हैं। इन मामलों में इस्तेमाल हुए वाहन भी जब्त किए गए। पहली कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजाराम की टीम ने चक 14 डीएसपी के पास मनीष (21) को रोका। उसके कब्जे से 12 हजार प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए। मनीष चक 14 एमएलडी, घड़साना का रहने वाला है। दूसरी कार्रवाई थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में हुई। रावतसर-हनुमानगढ़ रोड पर शेरेगढ़ चौकी के पास मोटरसाइकिल सवार रजत कुमार (21) और प्रदीप कुमार उर्फ कालू (28) को पकड़ा गया। उनके पास से 4 हजार टैपेंटाडोल टैबलेट और 1 हजार प्रेगाबालिन कैप्सूल मिले। उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223(बी) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इन प्रतिबंधित दवाओं के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।