हनुमानगढ़ के टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रामाश्रय स्वास्थ्य जांच शिविर लगा। यह शिविर वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ जीवन के लिए एक खास पहल के तहत आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में जनरल फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक, नेत्र, ईएनटी विशेषज्ञ और फिजियोथेरेपिस्ट ने बुजुर्गों की जांच कर जरूरी सलाह दी। बुजुर्गों के लिए रामाश्रय योजना शिविर का आयोजन नोडल अधिकारी डॉ. शंकर लाल सोनी और सहायक नोडल अधिकारी डॉ. अमृतपाल सिंह की देखरेख में हुआ। यहां डायबिटीज, उच्च रक्तचाप, नेत्र रोग, अल्जाइमर, डिमेंशिया, कान-नाक-गला और हड्डी-जोड़ से जुड़ी समस्याओं की जांच की गई। डॉ. अमृतपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की रामाश्रय योजना 60 साल से ज्यादा उम्र के मरीजों के लिए है। इसका मकसद शारीरिक रूप से कमजोर बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की अपील की।