हनुमानगढ़ के फेफाना थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के पिता ने एक सप्ताह बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दलपतपुरा, नोहर निवासी मनफूल (48) पुत्र भूराराम लुहार ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मुकेश कुमार (27) नोहर के प्रकाश मेडिकल स्टोर पर मुनीमी का काम करता है। 14 सितंबर को दोपहर करीब 2.30 बजे मुकेश मेडिकल स्टोर की उगाही के लिए अपनी मोटरसाइकिल (RJ 49 SD 8844) से नोहर से रतनपुरा जा रहा था। जसाना-रतनपुरा रोड पर सामने से आ रही सफेद रंग की मारुति ऑल्टो कार (HR 24 L 9546) के चालक ने तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मुकेश की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश कुमार को गंभीर चोटें आईं। हादसे वाली जगह पर टोपरियां निवासी महेश पुत्र दुलाराम और सुरेंद्र पुत्र नेतराम सहित आसपास के लोग पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक, कार चालक ने अपना नाम मनीषा पूनिया बताया। उसने यह भी बताया कि वह उप स्वास्थ्य केंद्र रतनपुरा में एएनएम के पद पर काम करती है। घायल मुकेश को पहले सरकारी अस्पताल नोहर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे डॉ. सुनील गोदारा के नोहर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। 17 सितंबर को इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पुलिस ने मनफूल की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच सहायक उप निरीक्षक सुभाषचंद्र को सौंपी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।