हनुमानगढ़ की 19 वर्षीय छात्रा सॉफ्टबॉल टीम ने अलवर के पिनान में हुई 17वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, 17 वर्षीय छात्रा टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। गुरुवार को गांव मक्कासर के गर्ल्स स्कूल में विजेता टीमों का स्वागत किया गया। प्रिंसिपल सीमा झाम्ब, उप प्रधानाचार्य शिमलेश वर्मा और शारीरिक शिक्षिका चम्पा रानी सहित स्टाफ, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। डबली राठान के राजकीय विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका शिक्षा चौधरी ने बताया कि 19 वर्षीय टीम ने फाइनल में जोधपुर को हराकर खिताब जीता, जबकि 17 वर्षीय टीम का सेमीफाइनल नागौर से हुआ था। प्रधानाचार्य सीमा झाम्ब ने बताया कि प्रतियोगिता में गई कुल 48 खिलाड़ियों में से 40 से ज्यादा सरकारी विद्यालयों की थीं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय हर क्षेत्र में आगे हैं और यहां पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को भी बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने अभिभावकों से सरकारी स्कूलों में बच्चों का दाखिला कराने की अपील की।