दीपावली से पहले कर विभाग ने रोड चेकिंग अभियान तेज करते हुए हनुमानगढ़ जिले में चार गाड़ियां पकड़ी हैं। इनमें दिल्ली से श्रीगंगानगर जा रहा परचून, मनियारी और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान से भरा ट्रक भी शामिल है, जिस पर जांच के बाद करीब साढ़े पांच लाख रुपए की पेनल्टी प्रस्तावित की गई है। इसके अलावा बिना दस्तावेज मिले तीन स्क्रैप ट्रकों से करीब 15-16 लाख रुपए का राजस्व जुड़ा है और इनमें भी पेनल्टी लगना तय माना जा रहा है। दिल्ली से श्रीगंगानगर जा रहा था ट्रक सीटीओ राजू गोदारा ने बताया कि श्रीगंगानगर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक आरजे 13 जीसी 1853 दिल्ली से श्रीगंगानगर जा रहा था। ट्रक में परचून, मनियारी और इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान भरा हुआ था। जांच के बाद विभाग ने करीब 5.5 लाख रुपए की पेनल्टी प्रस्तावित की है। हालांकि, ट्रांसपोर्टर ने अभी तक यह राशि जमा नहीं की है। बिना दस्तावेज मिले तीन स्क्रैप ट्रक कार्रवाई के दौरान एचआर 57 ए 3525, आरजे 40 जीए 1467 और पीबी 03 बीयू 2998 नंबर के तीन ट्रक भी पकड़े गए। इनमें स्क्रैप भरा हुआ था और मौके पर आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। तीनों वाहनों का फिजिकल वेरिफिकेशन अभी बाकी है। विभाग के अनुसार इनसे करीब 15-16 लाख रुपए का राजस्व जुड़ा है और जांच पूरी होने के बाद पेनल्टी लगना तय है। जयपुर मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई यह कार्रवाई जयपुर मुख्यालय के निर्देश पर श्रीगंगानगर जोन के एडिशनल कमिश्नर अश्विनी भार्गव के नेतृत्व में की गई। टीम में एसीटीओ भीमसिंह झोरड़, वेदप्रकाश शर्मा और रवि शंकर शर्मा शामिल रहे। विभाग की ओर से रोड चेकिंग के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों का सर्वे भी किया जा रहा है। तीन जगह सर्वे में मिला 70 लाख का राजस्व बुधवार को हनुमानगढ़ जिले में तीन जगहों पर सर्वे की कार्रवाई भी की गई। विभाग के अनुसार इन सर्वे से करीब 70 लाख रुपए का राजस्व मिला है। दीपावली के मद्देनजर विभाग की रोड चेकिंग और सर्वे कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।