हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में एक ढाणी में सो रहे युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया गया है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका हनुमानगढ़ टाउन के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फतेहगढ़ ढाणी निवासी 25 साल के सुरेश कुमार ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे उनका बड़ा भाई साहबराम अपनी ढाणी के घर में सो रहा था। तभी गांव के गुरप्रीत, प्रीता जटसिख, संदीप मान और विनोद भाट बिना इजाजत ढाणी में घुस आए। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने घर में घुसते ही सो रहे साहबराम पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में साहबराम को गंभीर चोटें आईं। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए हनुमानगढ़ टाउन के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। सुरेश कुमार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ घर में बिना इजाजत घुसने, जानलेवा हमला करने और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक भूप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।