हनुमानगढ़ सदर थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसकी 20 साल की बेटी और एक साल की नातिन के अपहरण का मामला दर्ज किया है। महिला ने पदमपुर के एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर बच्ची सहित ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। मलकोकां निवासी विमला देवी (47) पत्नी संजय भाट ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि उसकी बेटी कोमल की शादी श्रीगंगानगर के पदमपुर में हुई थी। कोमल के दो बच्चे हैं। पति की मौत के बाद करीब 20 साल की कोमल अपनी एक साल की बेटी के साथ अपने पीहर मलकोका में रह रही थी। परिवार को पता चला कि कोमल की बातचीत पदमपुर तहसील के 25 बीबी निवासी सुनील से होती थी। परिवार ने कोमल को उससे बात करने से मना किया था। विमला देवी ने आरोप लगाया कि 6 सितंबर की रात करीब 12.30 बजे सुनील उनकी बेटी कोमल को उसकी एक साल की बेटी मोनिका सहित बहला-फुसलाकर घर से ले गया। घटना के बाद परिजनों ने कोमल और सुनील से मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के फोन बंद मिले। परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। महिला ने अपनी रिपोर्ट में आशंका जताई है कि सुनील उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस से बेटी कोमल और नातिन मोनिका को ढूंढने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपहरण के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक मदन लाल को सौंपी गई है। पुलिस दोनों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।