ग्राम पंचायत मुख्यालय से मंगलवार सुबह देवनारायण भगवान जोधपुरिया के लिए पैदल यात्रा रवाना हुई। यात्रा में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु देवनारायण भगवान के भजनों पर नाचते-झूमते और जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। झांकी के साथ निकली यात्रा से गांव का माहौल भक्तिमय हो गया। वार्ड पंच पायलेट गुर्जर, भागचन्द बिधूड़ी ने बताया कि हिंदूपुरा से इस वर्ष पहली बार देवनारायण भगवान जोधपुरिया के लिए पैदल यात्रा का शुभारंभ किया गया है। यात्रा से पूर्व सोमवार रात देवनारायण भगवान की झांकी को सजाकर पूरे गांव में फेरी निकाली गई। मंगलवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद झांकी के साथ श्रद्धालु पैदल जोधपुरिया के लिए रवाना हुए। इस दौरान श्रद्धालु भजनों पर नाचते-झूमते और भगवान देवनारायण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया।