सिकंदरा | राजकीय कन्या कॉलेज में ईएलसी प्रकोष्ठ की ओर से निर्वाचन अधिकारी, दौसा के निर्देशानुसार ईएलसी गतिविधि के अंतर्गत "मतदाता भय से निर्भय की ओर" विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता, प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र सिंह गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार निर्माण में मतदाताओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है। मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग भयमुक्त होकर करना चाहिए। संपूर्ण प्रशासन इस ओर प्रयासरत रहता है कि मतदाता अपने मत का प्रयोग निर्भय होकर करें। मतदाता को किसी भी प्रकार के दबाव में नहीं आना चाहिए। केंपस एम्बेसडर, छात्राओं, हम सबको यह प्रयास करना चाहिए कि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान करें। पुलिस प्रशासन जगह-जगह फ्लैग मार्च करता है। कई अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को पाबंद भी किया जाता है। लाइसेंसशुदा हथियारों को नजदीकी मालखाने में जमा करने के निर्देश भी जारी होते हैं। इस प्रकार निर्वाचन विभाग भयमुक्त मतदान के लिए विभिन्न प्रकार के इंतजाम करता है। कार्यक्रम का संचालन ईएलसी प्रभारी सहायक आचार्य कन्हैया लाल बैरवा ने किया। इस दौरान शैक्षणिक स्टाफ में डॉ. अखयराज मीना, डॉ. अंकिता गुप्ता, डॉ. अजय सिंह कसाना, सविता सिंह, हिमानी शर्मा, उमा गुर्जर सहित अन्य मौजूद रहे। भास्कर न्यूज | भांडारेज नगरपालिका क्षेत्र में निकाय चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान प्रक्रिया को लेकर की गई व्यवस्थाओं का बुधवार को निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर संजीव खेदड़ ने निरीक्षण किया। उन्होंने नगरपालिका क्षेत्र के मतदान केंद्रों, बूथ व्यवस्था और चुनाव से जुड़ी अन्य तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संजीव खेदड़ ने बताया कि भांडारेज नगरपालिका क्षेत्र में निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से लगभग सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगरपालिका क्षेत्र में 15 हजार 210 मतदाता हैं। इनके लिए 13 स्कूलों में कुल 25 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त से 31 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस अवधि में नामांकन दाखिल कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली।