शिक्षा विभाग बीकानेर के पंजीयक कार्यालय ने कक्षा 5वीं की प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन और कक्षा 8वीं की प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र परीक्षा 2027 के ऑनलाइन आवेदन को लेकर सभी जिलों को कड़ी मॉनिटरिंग के निर्देश जारी किए हैं। पत्र राज्य के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को भेजा गया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हो चुकी है। अंतिम तिथि 21 अक्टूबर 2026, रात 11.59 बजे तय की गई है। पंजीयक शीशराम कुलहरि ने निर्देश दिए हैं कि राजकीय, राजकीय संस्कृत, मूक-बधिर और अंध विद्यालयों सहित निजी स्कूलों, मदरसों में पढ़ रहे कक्षा 5वीं, 8वीं के सभी पात्र नियमित विद्यार्थियों के आवेदन समय-सीमा में अनिवार्य रूप से कराए जाएं। विभाग ने अधिकारियों को अपने लॉगइन पर स्कूलवार, ब्लॉकवार आवेदन-स्थिति रिपोर्ट का रोजाना मूल्यांकन करने को कहा है। कम आवेदन वाले स्कूलों से संपर्क कर प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। संस्था प्रधानों को लगातार प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आवेदन, परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों के लिए शिक्षा विभाग की वेबसाइट, शाला दर्पण, पीएसपी वेबपोर्टल का नियमित अवलोकन करने को कहा गया है। नई सूचनाएं, निर्देश ई-मेल, व्हॉट्सऐप या अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से तुरंत संस्था प्रधानों तक पहुंचाने के आदेश भी दिए गए हैं। विभाग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन में स्कूल मान्यता, पोर्टल पर पंजीकरण या विद्यार्थियों के तृतीय भाषा विषय की मैपिंग जैसी दिक्कतें आने पर संस्था प्रधानों से रिपोर्ट लेकर डाइट स्तर पर समस्याओं का श्रेणीवार संकलन किया जाएगा। इसके बाद इन्हें पीएसपी या शाला दर्पण हेल्पडेस्क, पंजीयक कार्यालय के ई-मेल के जरिए उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। सत्र 2026-27 में नए मान्यता प्राप्त ऐसे निजी स्कूल, जो परीक्षा पोर्टल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनके पंजीकरण और पोर्टल पर प्रदर्शित कराने के लिए स्थानीय एडीपीसी कार्यालय से समन्वय करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में नवगठित सात जिलों में डाइट संस्थान पूरी तरह स्थापित, कार्यशील नहीं होने की स्थिति में नए जिलों में आवेदन से लेकर परिणाम घोषित होने, अंकतालिकाओं के वितरण तक की प्रक्रिया में पूर्व जिला डाइट, संबंधित सीबीईओ कार्यालय मॉनिटरिंग करेंगे। शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि किसी भी पात्र विद्यार्थी का आवेदन तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। उन्होंने विद्यालय स्तर पर नियमित समीक्षा की मांग की। उन्होंने पंचायत आम चुनाव, राज्य समान परीक्षा, मध्यावधि अवकाश को देखते हुए समय रहते आवेदन पूरे कराने पर जोर दिया। विभाग ने भी कहा है कि जिन विद्यार्थियों का सही डेटा पोर्टल पर उपलब्ध है, उनके आवेदन बिना देरी के तुरंत पूरे कराए जाएं।