जगतपुरा के हरे कृष्णा मार्ग (महल रोड) पर ट्रैफिक जाम का दबाव कम करने के लिए बन रहे 7 यू-टर्न में से 4 सोमवार को शुरू हो गए। ये यूटर्न अक्षय पात्र से द्रव्यवती तक 3.5 किलोमीटर में बने हैं। इससे तीन सिग्नल खत्म हो गए। ऐसे में वाहन चालकों को चौराहों पर रुकने के बजाय 200 से 500 मीटर आगे यू-टर्न से गुजरना पड़ा। जेडीए ने अक्षय पात्र, जीवन रेखा हॉस्पिटल, बॉम्बे हॉस्पिटल और द्रव्यवती नदी के कट बंद कर यू-टर्न खोले हैं। शहर में यू-टर्न ट्रैफिक मूवमेंट प्रोजेक्ट का यह पहला चरण है। पहले दिन अक्षय पात्र चौराहे से बॉम्बे हॉस्पिटल तक दुपहिया वाहन चालक गफलत में भी रहे। ये यू-टर्न से घूमने की बजाय सीधे निकलते रहे, हालांकि जेडीए ने गाइड करने के लिए होमगार्ड तैनात किए थे, लेकिन दोपहर तक एक-दो जगह छोड़कर बाकी जगह नदारद दिखे। पहले दिन गफलत; दोपहिया चालक यू-टर्न के बजाय सीधे निकले, फिर रॉन्ग साइड आए सात किमी लंबी महल रोड पर जेडीए ने बॉम्बे हॉस्पिटल से 7 नंबर चौराहे तक सात यू-टर्न प्लान किए हैं। इनमें से 3.5 किमी में 4 यू टर्न तैयार होने पर खोल दिए हैं। अब तक तीन चौराहों पर 80 से 120 सेकंड रुकना पड़ता था। फ्यूल के साथ टाइम भी खपता था। सिग्नल फ्री होने से सीधे के साथ दायीं ओर जाने वाला ट्रैफिक भी नहीं रुकेगा। इससे चालक को 800 से 1000 मीटर की ज्यादा दूरी तय करनी होगी, लेकिन ट्रैफिक लगातार चलता रहेगा। बायीं ओर घूमने वाला ट्रैफिक पहले की तरह ही चलेगा। 3 यू-टर्न 7 नंबर चौराहे तक और बनेंगे चार चौराहे सिग्नल फ्री करने से विधाणी से एनआरआई चौराहे तक वाले ट्रैफिक को पीक आवर्स में सिग्नल और जाम के चलते 15 से 18 मिनट लगते थे। अब यह 3.5 किमी का सफर 7 से 9 मिनट में पूरा हुआ। हालांकि इस दौरान दुपहिया चालकों ने यू-टर्न से घूमकर आने की बजाय शॉर्टकट के चक्कर में रॉन्ग साइड का यूज किया। जेडीए अब एनआरआई और 7 नंबर चौराहे को सिग्नल फ्री करेगा। इसके लिए 3 यू-टर्न बनेंगे। डायरेक्शन बोर्ड, साइनेज के साथ जागरूकता अभियान की जरूरत यूटर्न बंद करने के बाद जेडीए ने डायरेक्शन बोर्ड, साइनेज तो लगाए हैं, लेकिन यह बहुत कम है। इन्हे बढ़ाने की जरूरत है। वाहन चालक यूटर्न को यूज करने को लेकर कंफ्यूज रहे। ऐसे में वापस रॉन्ग साइड आते दिखे। इसके लिए अभियान चलाकर जागरूक करने की जरूरत है। दोपहिया चालक राहगीरों के लिए दो यूटर्न के बीच बनी क्रॉसिंग से निकलने की कोशिश करते रहे। होमगार्ड की संख्या बढ़ानी चाहिए। 60% ट्रैफिक सीधा निकला, 40% ने यू-टर्न यूज किया प्रत्येक यू टर्न की चौड़ाई 7.5 मीटर है, इसके अलावा सीधे जाने वाले वाहनों को 8 से 9 मीटर चौड़ा यानि तीन लेन रखा है। अक्षय पात्र पर पीक आवर्स में 7 से 8 हजार वाहन गुजरते हैं। 2 से 3 हजार वाहन चालक यू टर्न यूज करेंगे, 500 से 1000 बाएं और 3500 से 4000 वाहन सीधे निकलेंगे।