जयपुर के आमेर थाना इलाके में रविवार देर रात रॉन्ग साइड से आई एक कार ने सड़क पर हड़कंप मचा दिया। कुंडा के पास रॉन्ग साइड से आई एक कार ने पहले बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी। फिर कार ड्राइवर ने मौके से भागते समय एक अन्य कार समेत आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता घायल हो गए। हिट एंड रन के बाद लोगों द्वारा पीछा करने पर ड्राइवर सुनसान जगह कार छोड़कर भाग गया। हादसे के दौरान गाड़ियों को टक्कर मारने वाली कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। पुलिस कार के नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी 2 PHOTO'S कार ने दो बार बाइक को मारी टक्कर, बच्ची को बचाने के प्रयास में पिता चोटिल जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे कुंडा के पास एक कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर गया। इसके बाद ड्राइवर ने कार को पीछे लिया और बाइक को दोबारा टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर सवार बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता वेद प्रकाश सैनी घायल हो गए। उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद ड्राइवर ने कार रोकने के बजाय वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान कार ने एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, कार कुछ दूरी तक अन्य वाहनों को भी टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद कुछ बाइक सवारों ने कार का पीछा किया। लोगों को पीछे आता देख ड्राइवर कार को एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। बाइक सवारों ने पीछा किया को सुनसान जगह कार छोड़कर भागा आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे कार से बाइक को टक्कर लगी थी। इसके बाद कार ड्राइवर ने वहां से भागने का प्रयास किया और इस दौरान एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। कुछ बाइक सवारों ने कार का पीछा किया तो ड्राइवर कार को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।