जयपुर में एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) को मंगलवार दोपहर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अरेस्ट किया है। प्रताप नगर थाने में तैनात ASI को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। केस में मदद करने की एवज में आरोपी ने घूस की रकम मांगी थी। एसीबी टीम फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसीबी की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि प्रताप नगर थाने में तैनात ASI सुखदेव जाट को अरेस्ट किया है। वह 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। एसीबी को 11 अगस्त को परिवादिया की ओर से लिखित शिकायत दी गई। रिपोर्ट में बताया कि प्रताप नगर थाने में एक केस उसके नाम से है। मामले की जांच ASI सुखदेव कर रहे है। केस में प्रभावी पैरवी व मदद करने और आरोपी को अरेस्ट कर चालान पेश करने के एवज में ASI सुखदेव घूस मांग रहा है। एसीबी की ओर से शिकायत का सत्यापन करने पर रिश्वत डिमांड करने का पता चला। एसीबी की ओर से ट्रैप का चक्रव्यूह रचाकर परिवादी को घूस के 10 हजार रुपए लेकर ASI सुखदेव के पास भेजा। वर्दी में ली रिश्वत जेब में रखी ट्रैप की कार्रवाई के दौरान आरोपी सुखदेव ने परिवादी से 10 हजार रुपए रिश्वत लेकर पहनी खाकी वर्दी की पेंट की जेब में रख ली। रिश्वत की रकम लेते ही ASI सुखदेव को पहले से तैनात एसीबी टीम ने रंगे हाथों धर-दबोचा। एसीबी की ओर से आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई।