न्यू आतिश मार्केट स्थित 13 मंजिला इमारत से गिरने से 22 वर्षीय गौरव शर्मा की मौत हो गई। घटना 4 सितंबर शाम करीब साढ़े 7 बजे की है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में गौरव जमीन पर गिरकर उछलता दिखा है। वीडियो में मृतक के पैर नजर आ रहे हैं। हादसे से कुछ सेकेंड पहले ली थी सेल्फी मानसरोवर थाना पुलिस के अनुसार, गौरव घटना के समय अकेला इमारत पर पहुंचा था। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से हादसे से कुछ सेकेंड पहले ली गई सेल्फी मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव को सेल्फी और रील बनाने का शौक था। पुलिस को आशंका है कि सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। हालांकि पुलिस ने अभी हादसे को लेकर किसी स्पष्ट कारण की पुष्टि नहीं की है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है, जिसमें गौरव अकेले जाते दिख रहा है। सुसाइड के एंगल से भी की जांच मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया कि शुरुआती तौर पर पुलिस ने सुसाइड की संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच की थी। लेकिन मोबाइल में मिली घटना से कुछ सेकेंड पहले की सेल्फी और सीसीटीवी फुटेज के बाद अब अलग एंगल से घटना की जांच की जा रही है। एफएसएल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। मां से कहा था- गोविंददेवजी जा रहा हूं गौरव के मामा प्रवीण शर्मा ने बताया कि गौरव एक आईटी कंपनी में करीब 11 महीने पहले नौकरी लगा था। वह सप्ताह में चार दिन वर्क फ्रॉम होम और दो दिन सीतापुरा स्थित ऑफिस से काम करता था। घटना वाले दिन शाम करीब 6 बजे तक घर से काम करने के बाद उसने मां मंजू शर्मा से गोविंददेवजी मंदिर जाने की बात कही थी। जन्माष्टमी के कारण भीड़ होने पर मां ने उसे अगले दिन जाने की बात कही। इसके बाद गौरव पास के महिमा पार्क जाने की बात कहकर घर से निकल गया। बताया गया कि वह महिमा पार्क से मेट्रो के जरिए न्यू आतिश मार्केट पहुंचा था। परिवार का इकलौता सहारा था गौरव गौरव मूल रूप से दूधली, बस्सी का रहने वाला था और वर्तमान में सोड़ाला के रामनगर में परिवार के साथ रह रहा था। उसके पिता एडवोकेट अरुण शर्मा का करीब 19 साल पहले निधन हो गया था। परिवार में मां मंजू शर्मा और छोटी बहन प्रज्ञा शर्मा हैं, जो बीएससी की पढ़ाई कर रही है। गौरव अपनी मां का आखिरी सहारा था। बेटे की मौत के बाद मां सदमे में हैं। पुलिस अब मोबाइल, सीसीटीवी और एफएसएल रिपोर्ट समेत सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।