जयपुर में सवारी बने बदमाशों के ऑटोरिक्शा ड्राइवर को लूटने का मामला सामने आया है। ऑटोरिक्शा ड्राइवर के विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और गले पर चाकू रखकर ड्राइवर से एप के पासवर्ड पूछे। और बैंक अकाउंट से पैसे ट्रांसफर कर फरार हो गए। मामले में पीड़ित ने जयसिंहपुरा खोर थाना में शुक्रवार को शिकायत दर्ज करवाई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है। चाकू की नोंक पर ड्राइवर का अकाउंट खाली किया ASI रतनलाल ने बताया- गोनेर के बीमलपुरा निवासी सुर्यदेव साव (35) के साथ लूट की वारदात हुई। वह ऑटोरिक्शा चलाने का काम करता है। 6 अक्टूबर को सुबह करीब 3 बजे वह सिंधीकैम्प बस स्टैंड के बाहर खड़ा था। दो लड़कों ने लालवास CRPF कैम्प के लिए ऑटोरिक्शा किराया पूछा। 300 रुपए किराया तय होने पर दोनों को बैठाकर वह छोड़ने रवाना हो गया। लालवास पहुंचने पर दोनों ने कच्चे रास्ते से अंदर छोड़कर आने की कहा। कच्चे रास्ते में पहुंचने पर ऑटोरिक्शा रुकवाया। धमकाया- तेरे पास जो कुछ भी है हमें दे दो। विरोध करने पर मारपीट की विरोध करने पर दोनों बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। एक बदमाश ने जेब से चाकू निकालकर उसके गले पर लगा दिया। जेब में रखे 500 रुपए निकाल लिए। चाकू की नोंक पर मारने की धमकी देकर ऑनलाइन पेमेंट ऐप का पासवर्ड पूछकर 11 हजार 600 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। उसके बाद धक्का देकर गिराकर दोनों बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शुक्रवार को मामला दर्ज किया। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ लुटेरों की तलाश कर रही है।