बजाज नगर थाना पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैफे डियोना पर दबिश दी। पुलिस टीम ने मौके से 4 हुक्के, 4 चिलम, 4 पाइप सहित अन्य फ्लेवर और सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से हुक्का संचालित करने के आरोप में कैफे संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। बजाज नगर थानाधिकारी रामधन डोभाल के अनुसार, जयपुर पूर्व जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे हुक्का बार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में संचालित Cafe Diona पर दबिश दी। जांच के दौरान मौके पर अवैध रूप से हुक्का संचालन पाया गया। पुलिस ने मौके से हुक्का संचालन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की। पुलिस ने कैफे संचालक मनोज कुमार (28) और धर्म सिंह (22) के खिलाफ राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध एवं अधूम्रपायी व्यक्तियों के स्वास्थ्य संरक्षण अधिनियम और कोटपा अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। हुक्का पी रहे 13 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर हुक्का पीते मिले 13 लोगों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 गैरसायलान के खिलाफ बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।