शासन सचिवालय के कर्मचारी का चालान काटने और बाद में शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। बजाज नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज सचिवालय कर्मचारियों ने इस मामले में मंगलवार को सचिवालय परिसर में धरना दिया। दिनभर चले विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए बजाज नगर थाने के कॉन्स्टेबल किशन सिंह को सस्पेंड कर दिया, जबकि कॉन्स्टेबल राजेश को लाइन हाजिर किया है। मामले में उच्च-स्तरीय जांच की जा रही है। 25 सितंबर की रात टोंक फाटक के पास हुआ था विवाद शासन सचिवालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत दिनेश कुमार सैनी ने गांधी नगर एसीपी को शिकायत दी थी, जिसके अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह टोंक फाटक के पास किताब खरीदने गए थे। इसी दौरान चेतक पर तैनात कॉन्स्टेबल किशन सिंह ने उनका मोबाइल से चालान काट दिया। दिनेश कुमार का आरोप है कि उन्होंने कॉन्स्टेबल से चालान काटने के अधिकार को लेकर सवाल किया तो उनके साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने उनका मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मी उन्हें गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। शांतिभंग में गिरफ्तार कर रातभर थाने में रखने का आरोप शिकायत के अनुसार, बजाज नगर थाने में दिनेश कुमार को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया और रातभर थाने में रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें परिजनों से संपर्क तक नहीं करने दिया गया। अगले दिन 26 सितंबर को सुबह दोस्त से संपर्क कराने के बाद शाम करीब 5 बजे जमानत मिलने पर छोड़ा गया। गृह राज्यमंत्री से मिले सचिवालय कर्मचारी घटना से नाराज सचिवालय कर्मचारियों ने मंगलवार को धरना देकर कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेदम से भी मुलाकात की और मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। शिकायत के बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई एडिशनल डीसीपी पारस जैन ने बताया कि शिकायत के आधार पर कॉन्स्टेबल किशन सिंह को सस्पेंड और कॉन्स्टेबल राजेश को लाइन हाजिर किया गया है। पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। --- ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में पुलिस कर्मियों ने महिला से की छेड़छाड़:लोगों ने दोनों कॉन्स्टेबल को पीटा, जिस थाने में तैनात उसी के लॉकअप में बंद जयपुर में दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ महिला से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिस थाने में दोनों तैनात थे उसी के लॉकअप में बंद हैं। इस मामले में रविवार देर रात एक कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। (पूरी खबर पढ़ें)