जयपुर में एक कंपनी के मालिक ने कस्टमर रिव्यू के बहाने युवती को होटल ले जाकर रेप किया। आरोपी ने युवती को नाश्ते में नशा मिलाकर खिला दिया और रेप किया। आरोपी ने इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिए और ब्लैकमेल कर 2 महीने तक रेप करता रहा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी ने बताया- जयपुर की रहने वाली 23 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीड़िता ने बताया- 10 जुलाई को एक कंपनी में सेल्स ऑफिसर के पद पर जॉइन किया था। 13 जुलाई को कंपनी के बॉस ने अपने केबिन में बुलाया। अगले दिन सुबह ऑफिस जल्दी आने के लिए कहा। साथ ही मीटिंग और डेमो के लिए कस्टमर के पास चलने के बारे में बताया। होटल में नाश्ते में मिलाया नशा पीड़िता ने बताया- 14 जुलाई की सुबह कस्टमर को डेमो करवाने के लिए बॉस के साथ गई थी। बॉस ने ऑफिस लौटते समय होटल में चलने के लिए कहा और एक कस्टमर के रिव्यू का वीडियो बनाने के बारे में बताया। काफी इंतजार करने के बाद कस्टमर नहीं आया तो बॉस ने नाश्ता करने के लिए कहा। नाश्ता खाने के बाद बेहोशी छाने लगी। तबीयत ठीक नहीं लगने की कहकर होटल के रूम में आराम करने के लिए भेज दिया। आरोप है कि बेहोशी की हालत में आरोपी बॉस ने रेप किया और अपने मोबाइल में अश्लील वीडियो बना लिया। होश में आने पर विरोध किया तो अश्लील वीडियो दिखाकर चुप रहने के लिए कहा। जान से मारने की धमकी देने के साथ वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 2 महीने में 10-12 बार रेप अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर आरोपी बॉस ने 19 जुलाई को दूसरे होटल में मिलने बुलाया। मिलने जाने पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया। ब्लैकमेल कर बेहोशी की हालत में रेप किया। पिछले 2 महीने में आरोपी बॉस ने अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसके साथ 10-12 बार रेप किया। परिवार से किया दूर पीड़िता ने बताया- बॉस ने ब्लैकमेल कर कंपनी की दूसरी ब्रांच में शिफ्ट होने का दबाव बनाया। दूसरी ब्रांच के लिए परिवार को राजी करने के लिए कहा। परिवार के मना करने पर घर छोड़ने के लिए कहा। आरोपी ने ब्लैकमेल कर उससे घर छुड़वा दिया। परिवार के सदस्यों के मनाने आने पर उन्हें वापस भेज दिया। 27 जुलाई को घरवाले ऑफिस लेने आए, लेकिन आरोपी ने ब्लैकमैल कर मना करवा दिया। कंपनी से बाहर जाते ही आरोपी बॉस ने कुछ गुंडे लड़के बुलाकर भाई पर चाकू से हमला करवाया। ब्लैकमेलिंग से हो गई परेशान ब्लैकमेल कर पिछले करीब 2 महीने तक आरोपी रेप करता रहा। इस दौरान उसे आरोपी बॉस की ओर से परिवार पर हमला करवाने की बात पता चली। टॉर्चर से परेशान होकर उसने आरोपी बॉस के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।