जयपुर की सेंट्रल जेल में तलाशी अभियान के दौरान 13 मोबाइल बरामद किए गए। इसी के साथ कैदियों के पास चार्जर, सिम कार्ड, डेटा केबल सहित अन्य प्रतिबंधित सामान भी मिला है। लालकोठी थाना एसआई श्याम सुंदर ने बताया कि तलाशी के दौरान वार्ड नंबर 10 और 11 से मोबाइल फोन बरामद हुए। मामले में सेंट्रल जेल में जेल प्रहरी मनोज कुमार शर्मा की ओर से 13 कैदियों के खिलाफ लालकोठी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचने और इनके इस्तेमाल को लेकर जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री को धमकी से भी जुड़ा रहा है जेल का मोबाइल कनेक्शन जयपुर सेंट्रल जेल में मोबाइल के इस्तेमाल का मामला पहले भी सामने आ चुका है। पूर्व में जेल से मोबाइल के जरिए राजस्थान के मुख्यमंत्री को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया था। इस बार दर्ज मामले में शिवराज, विशाल, ब्रह्मसिंह, देवी सिंह, प्रकाश, कपिल, मुस्ताक अलि, विष्णु सिंह, युनुस, भानाराम माली, साहिल गोदारा, कुलवेंद्र और कृष्णा के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के अंदर मोबाइल किस तरह पहुंचे और इनका इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को जांच में शामिल किया है। पुलिस मोबाइल के नंबर, सिम कार्ड और कॉल डिटेल के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। जेल में प्रतिबंधित सामान पहुंचाने में किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।