जयपुर में कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा- पार्टी के बहुत से चुने हुए पार्षदों को पुलिस ने जबरन उठाया है। साथ ही उन्हें डराया जा रहा है। उन्होंने कहा- अजमेर, जोधपुर, बीकानेर में जैसा हुआ, वैसा अगर जयपुर में हुआ तो सड़कों पर उतरना पड़ेगा। उन्होंने कहा- अगर इससे लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ता है तो इसके लिए पुलिस जिम्मेदार होगी। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को कमिश्नर सचिन मित्तल को मामले में ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने ज्ञापन के जरिए पुलिस से चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्ष भूमिका की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के नवनिर्वाचित पार्षदों को अलग-अलग जगह से उठा लिया गया। ज्ञापन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, आदर्श नगर विधायक रफीक खान, किशनपोल विधायक अमीन कागजी और बगरू से कांग्रेस की पूर्व विधायक गंगा देवी मौजूद रहे। री-पोलिंग में कैंडिडेट को धक्के मारकर निकाला सुनील शर्मा ने कहा- ऐसा पहले कभी भी राजस्थान क्या, इस देश में भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कई जगह इलेक्शन में 12 सीटों पर कांग्रेस जीत रही थी, लेकिन वहां ईवीएम नहीं दिखाई गई। जब कैंडिडेट्स ने री-पोलिंग की मांग की तो उन्हें धक्के मारकर निकाल दिया गया। शर्मा ने कहा- कांग्रेस की निकाय चुनाव कमेटी जयपुर में मेयर के लिए प्रत्याशी उतारने की भी तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा- कांग्रेस के पदाधिकारी मीटिंग कर रहे हैं। इसके लिए निर्णय लेंगे।