जयपुर डेयरी अधिकारी-कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ने राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) के प्रबंध निदेशक की नियुक्ति या पुनर्नियुक्ति को लेकर निष्पक्ष निर्णय की सरकार से मांग की। एसोसिएशन ने हाल ही मुख्य सचिव को भेजे प्रतिनिधित्व में कहा- संगठन के संबंध में कुछ कर्मचारियों की ओर से तथ्य-विपरीत बातें प्रस्तुत की गई हैं। एसोसिएशन ने रजिस्ट्रेशन और वैधता से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध होने का उल्लेख किया है। प्रतिनिधित्व के अनुसार- एसोसिएशन का रजिस्ट्रेशन सहकारिता विभाग में 31 जुलाई को हुआ है। संगठन ने कहा- हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष या विरोध में नहीं, बल्कि RCDF के संस्थागत सुदृढ़ीकरण, कर्मचारियों के वैध हितों की सुरक्षा, पारदर्शी प्रशासन और दुग्ध उत्पादक किसानों के दीर्घकालिक हितों की रक्षा करना है। RCDF में स्थायी कर्मचारियों की कमी एसोसिएशन ने RCDF में स्थायी कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया। एसोसिएशन ने सरकार से डेयरी क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए सक्षम और संबंधित क्षेत्र के अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति पर विचार करने का अनुरोध किया। साथ ही RCDF के बायलॉज 29.1 का हवाला देते हुए कहा- प्रबंध निदेशक की नियुक्ति राज्य सरकार द्वारा की जाती है। संगठन ने मांग की कि नियुक्ति से जुड़ा निर्णय कानून, नियमों, उपनियमों और सरकारी नीति के अनुरूप स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से लिया जाए।