जयपुर में फूड सेफ्टी टीम ने सोमवार को अलग-अलग हॉस्पिटलों की कैंटीन और किचन पर छापा मारा। इस दौरान टोंक रोड स्थित कोकून हॉस्पिटल के किचन में 4 दिन पुरानी ग्रेवी मिली, जिसे ​फ्रिज में स्टोर कर रखा था। इसके अलावा अन्य दूसरे कई प्राइवेट हॉस्पिटलों की कैंटिन का भी जायजा लेकर वहां से तैयार फूड प्रोडेक्ट (खिचड़ी, दही, दाल, पनीर, सब्जी) के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। जयपुर सीएमएचओ सैकंड डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- आज अलग-अलग टीमों ने टोंक रोड स्थित कोकून हॉस्पिटल, होप हॉस्पिटल, ईएचसीसी हॉस्पिटल जवाहर सर्किल, सी.के. बिरला हॉस्पिटल गोपालपुरा, साकेत हॉस्पिटल मानसरोवर की कैंटीन और मेस किचन पर विजीट की। हॉस्पिटल की किचन में फूड कलर रखे मिले डॉ. मित्तल ने बताया - कोकून हॉस्पिटल के किचन में अनेक कमियां मिली। यहां फूड कलर रखे हुए थे और तैयार खाद्य सामग्री पर डेट अंकित नहीं थी। चपाती रखने के केसरोल टूटे हुए थे, जिन पर वाशिंग पाउडर जमा हुआ था। उपयोग में लिए जा रहे काजू की क्वालिटी अच्छी नहीं थी। खाद्य सामग्री ढकी हुई नहीं थी। किचन के फ्रिज में चार पुरानी ग्रेवी रखी मिली। इस पर टीम ने मौके पर ग्रेवी, काजू, दही के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। उन्होंने बताया- जल्द ही हॉस्पिटल कैंटीन संचालक एजेंसी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। अलग-अलग हॉस्पिटल से नमूने लिए गए इसके अलावा टीम ने ईएचसीसी हॉस्पिटल की कैंटीन से रिफाइंड सोयाबीन तेल, होप हॉस्पिटल से सब्जी, दाल, सी.के. बिड़ला हॉस्पिटल से दलिया, खिचड़ी, सांभर दाल और साकेत हॉस्पिटल मानसरोवर से खाद्य तैल, पनीर और तैयार दाल का नमूना लिया।