जयपुर सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम ने शनिवार को अलग-अलग जगहों पर बने पी.जी. हॉस्टल्स पर छापा मारा। इस दौरान कैंटिन और मैस में एक्सपायरी डेट की सॉस की बोतलें, सड़ी-गली सब्जियां मिलीं। मैदा, दाल में कीड़े मिले। दो हॉस्टल कैंटीन का संचालन बिना फूड लाइसेंस लिए किया जा रहा था। जयपुर सीएमएचओ सेकंड डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया- टीम विधानी स्थित ओएसिस हॉस्टल गई, जहां कैंटिन में रेड चिली सॉस की एक्सपायरी डेट वाली 15 बोतल, सोया सॉस की एक्सपायरी डेट वाली 28 बोतल, विनेगर की 8 बोतल और ग्रीन चिली सॉस की 3 बोतल मिली, जिन्हें नष्ट करवाया। किचन में सड़े हुए करीब 15 किलो टमाटर मिले। भोजन में उपयोग के लिए फूड कलर मिला, जिसे नष्ट करवाया। टीम ने मौके से धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और रिफाइंड सोयाबीन तेल के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। जांच में पता चला कि हॉस्टल संचालक ने इस किचन के संचालन के लिए फूड लाइसेंस भी नहीं ले रखा था। सुबोध कॉलेज के हॉस्टल की मैस में भी अ​नियमि​तताएं दूसरी कार्यवाही एस.एस. जैन सुबोध महिला पी.जी हॉस्टल एयरपोर्ट के पास बुद्धसिंहपुरा में की गई। यहां भी टीम को मैस संचालन के लिए फूड लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद टीम ने यहां हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर के सैंपल लिए और मेस में अत्यधिक गंदगी मिलने पर नोटिस दिया। सूखी दाल में मिले कीड़े, इल्ली गोपालपुरा बाइपास स्थित केशव गर्ल्स पीजी हॉस्टल के मैस पर जब छापा मारा तो वहां मैदा, दाल में कीड़े और इल्ली मिली। लगभग 30 किलो दूषित खाद्य सामग्री और सब्जियां मिलने पर सभी को नष्ट करवाया। टीम ने इस हॉस्टल की मैस से रिफाइंड सोयाबीन तेल और रस्क का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाया।