जयपुर भष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने सांभरलेक थानाधिकारी को थाने में ही 50 हजार रुपए की घूस लेते गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी राममिलन मीणा ने सड़क निर्माण का काम नहीं रुकवाने की एवज में ठेकेदार से रिश्वत मांगी थी। फिलहाल एसीबी टीम की ओर से थानाधिकारी से पूछताछ के साथ ही ऑफिस और घर की तलाशी ली जा रही है। डीजी (एसीबी) गोविंद गुप्ता ने बताया- जयपुर एसीबी की टीम ने रविवार दोपहर सांभर थाने के पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा को अरेस्ट किया है। एसीबी मुख्यालय पर परिवादी (ठेकेदार) की ओर से थानाधिकारी राममिलन मीणा के रिश्वत मांगने की शिकायत दी गई थी, जिसके बाद एडिशनल एसपी (एसीबी) भूपेन्द्र के नेतृत्व में एसीबी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। 50 हजार देने का दबाव बनाया था गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी (ठेकेदार) ने कहा था कि PWD से मिले वर्क ऑडर पर सांभर इलाके में सड़क निर्माण का काम मिला है। सड़क निर्माण काम में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने और बिना रोक-टोक के निर्माण कार्य चलते रहने की एवज में थानाधिकारी राममिलन घूस की डिमांड कर रहे हैं और रिश्वत के 50 हजार रुपए देने को लेकर लगातार दबाव बना रहे हैं। हर महीने 20 हजार की डिमांड शिकायत में बताया- परिवादी के पिता के नाम की फर्म को पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क निर्माण काम सौंपा गया है। सांभर लेक थाना इलाके में बिना रुकावट काम चालू रखने की एवज में पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा की ओर से हर महीने 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर परेशान किया जा रहा है। वहीं रिश्वत राशि नहीं देने पर निर्माण साइट पर लगे वाहनों और कर्मचारियों को थाने ले जाकर परेशान किया जा रहा था। एसीबी सत्यापन के दौरान आरोपी राममिलन मीणा की ओर से हर महीने 10 हजार रुपए के हिसाब से कुल 50 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग करना पाया गया। एसीबी ने थानाधिकारी कक्ष में ही रिश्वत के 50 हजार रुपए लेते दबोच लिया। एसीबी ने परिवादी को रिश्वत की रकम देकर भेजा था एसीबी की ओर से शिकायत का सत्यापन करवाकर ट्रैप रखा गया। एसीबी टीम ने परिवादी ठेकेदार को घूस की रकम देकर थानाधिकारी राममिलन के पास भेजा। थाना परिसर में बने एसएचओ रूम में रिश्वत के 50 हजार रुपए लेते एसीबी टीम ने थानाधिकारी राममिलन को रंगे हाथों धर-दबोच लिया। आरोपी थानाधिकारी से हो रही पूछताछ एसीबी टीम की ओर से सांभर थाना परिसर में उनके ऑफिस और क्वार्टर की तलाश ली जा रही है। इसके साथ ही जयपुर के जगतपुरा स्थित घर पर भी सर्च किया गया। एसीबी टीम की ओर से फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ------------ ये खबर भी पढ़िए… जयपुर- RAS अफसर का पीए 1-लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार:घर से 100 ग्राम सोना और 10 लाख कैश मिला, सेना से रिटायर्ड है आरोपी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर में एडीएम ईस्ट (RAS) नरेंद्र कुमार वर्मा के पीए मुकेश चौधरी को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, मुकेश चौधरी ने परीक्षा संबंधी लॉजिस्टिक के बिल पास कराने की एवज में शिकायतकर्ता (परिवादी) से करीब 1.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। (पढ़िए पूरी खबर)