राजधानी जयपुर में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। रिंग रोड पर बुधवार तड़के करीब तीन बजे सड़क किनारे मिले शव की पहचान मजदूरी करने वाली महिला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार- महिला के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की आशंका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों ने अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरना दिया। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि बदमाश ने महिला के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या की और शव को झाड़ियों के पास छोड़ दिया। परिजनों ने महिला के साथ अनैतिक काम के आरोप भी लगाए हैं। मजदूरी के लिए घर से निकली थी महिला परिजनों के अनुसार- महिला 21 सितंबर को मजदूरी के लिए निकली थी। वह चौकटी इलाके से मजदूरी के लिए जाती थी। परिवार को जानकारी मिली थी कि उसे एक प्लॉट पर पौधों और सफाई का काम करने के लिए ले जाया गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में फोन बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी महिला का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। ज्वेलरी गायब होने का भी आरोप परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। इसमें बताया कि महिला के पास सोने का एक आभूषण था, जो शव से नहीं मिला। हालांकि महिला के पांवों में चांदी की पायजेब पहने मिली। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही पुलिस महिला के मोबाइल कॉल डिटेल और आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में रहने की जानकारी जुटाई जा रही है।