जयपुर में भष्ट्राचार निरोधक ब्यूरो ने आज दोपहर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। एएसआई थाना परिसर के अंदर बने रूम में घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ करने के साथ उसके घर की तलाशी भी कर रही है। एडीजी (एसीबी) स्मिता श्रीवास्तव ने बताया- सांगानेर सदर थाने में तैनात ASI महेश चन्द मीणा को अरेस्ट किया है। एसीबी में परिवादी ने शिकायत दी कि सांगानेर सदर थाने में उसके मामा की ओर से मामला दर्ज कराया गया। मामले की जांच ASI महेश चन्द मीणा कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार ASI महेश चन्द ने परिवादी के मामा की पिकअप छोड़ने और सहपरिवादी को मुल्जिम नहीं बनाने के एवज में 20-20 हजार की रिश्वत मांगी जा रही है और बार बार परेशान किया जा रहा है। 10 हजार रुपए में हुआ सौदा मामले में एसीबी की ओर से शिकायत का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी ASI की ओर से मामले में राजीनामा होने के डॉक्यूमेंट मांगकर पिकअप को छोड़ने और मामले को खत्म करने के एवज में 10 हजार रुपए में सौदा हुआ। एएसआई ने परिवादी और सहपरिवादी को आज दोपहर बुलाया था और मामले में राजीनामा के डॉक्यूमेंट और सहपरिवादी से पूछताछ के बाद 10 हजार रुपए घूस ली। जैसे ही एएसआई ने घूस की रकम लेकर अपने पैंट की जेब में रखी, उसी वक्त एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।