जयपुर में कबाड़ के एक गोदाम में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से दहशत फैल गई। शास्त्री नगर थाना पुलिस ने फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। आग की लपटों पर काबू पाने में करीब 3 घंटे का समय लगा। भीषण आग लगने से गोदाम में रखा कबाड़ पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पुलिस जांच में प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगना माना जा रहा है। रात 12 बजे धुंआ उठने लगा पुलिस ने बताया- शास्त्री नगर के पेंटर कॉलोनी में स्थित कबाड़ गोदाम में आग लगी थी। देर रात करीब 12 बजे बंद कबाड़ गोदाम से धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते धुंए के साथ आग की लपटें उठने लगी। कबाड़ गोदाम से आग की भीषण लपटों उठने का पता चलने पर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों से पाया काबू पुलिस को सूचना देने के साथ ही स्थानीय लोगों ने आग पर पानी डालकर काबू पाने का प्रयास किया। आग लगने की सूचना पर पहुंची शास्त्री नगर थाना पुलिस ने बनीपार्क फायर स्टेशन से दमकल मंगवाई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की मदद से करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग से कबाड़ गोदाम पूरी तरह खाक हो गया।