जयपुर में क्रिकेटर दीपक चाहर और पॉडकास्टर-डिजिटल क्रिएटर रणवीर अलाहबादिया ने अलग-अलग जगह शूटिंग की। दोनों ने जयपुर की ऐतिहासिक और खूबसूरत लोकेशन पर एक मोबाइल कंपनी के कैंपेन के लिए शूट किया। दीपक चाहर ने सिटी पैलेस, हवामहल और जवाहर सर्किल पर गुरुवार को शूटिंग की। शूट के दौरान वे हाथ में क्रिकेट बॉल लेकर मोबाइल पर वीडियो देखते हुए नजर आए। जवाहर सर्किल पर शूटिंग के दौरान वहां बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। जैसे ही पर्यटकों को पता चला कि दीपक चाहर वहां शूटिंग कर रहे हैं। कई लोग रुककर शूट देखने लगे। हाथ में गेंद, मोबाइल पर वीडियो देखते नजर आए दीपक जवाहर सर्किल पर हुए शूट में दीपक चाहर का क्रिकेटर वाला अंदाज भी देखने को मिला। वे हाथ में गेंद लेकर मोबाइल पर वीडियो देखते हुए कैमरे के लिए शॉट देते नजर आए। शूटिंग के दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ धीरे-धीरे बढ़ गई और पर्यटक मोबाइल से दीपक की तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। दीपक ने भी फैंस को निराश नहीं किया। शूटिंग के बीच उन्होंने वहां मौजूद प्रशंसकों के साथ फोटो खिंचवाईं। क्रिकेटर को अपने बीच देखकर पर्यटकों में भी खासा उत्साह नजर आया। सिटी पैलेस और हवामहल की लोकेशन भी शूट में शामिल मोबाइल कंपनी के इस कैंपेन के लिए जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों को भी शूट का हिस्सा बनाया गया। सिटी पैलेस और हवामहल की पहचान देश-विदेश के पर्यटकों के बीच है। इन लोकेशन पर दीपक के शॉट लिए गए। इसके बाद शूटिंग जवाहर सर्किल तक पहुंची, जहां खुले माहौल में पर्यटकों की मौजूदगी के बीच कैमरा रोल किया गया। एक दिन पहले रणवीर अलाहबादिया ने आमेर में किया शूट दीपक चाहर से एक दिन पहले बुधवार को लोकप्रिय पॉडकास्टर और डिजिटल क्रिएटर रणवीर अलाहबादिया भी जयपुर में शूटिंग करते नजर आए। रणवीर ने भी इसी मोबाइल कंपनी के कैंपेन के लिए शहर में शूट किया। उनकी शूटिंग आमेर के मीना-पन्ना कुंड और कूकस रोड की लोकेशन पर हुई। आमेर की पहाड़ियों और ऐतिहासिक परिवेश के बीच रणवीर के कैंपेन के लिए अलग-अलग शॉट लिए गए। जयपुर की यह लोकेशन अपने प्राकृतिक और ऐतिहासिक बैकग्राउंड के लिए जानी जाती है और विज्ञापन शूट के लिहाज से भी आकर्षक मानी जाती है। शूट पूरा करने के बाद जब रणवीर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए तो वहां मौजूद उनके फैंस ने उन्हें पहचान लिया। रणवीर ने भी फैंस के साथ तस्वीरें क्लिक करवाईं। इस दौरान उनके साथ फोटो लेने के लिए लोगों में उत्साह नजर आया।