जयपुर के शास्त्री नगर स्थित खंडेलवाल कॉलेज में श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति की ओर से 2, 3 और 4 अक्टूबर को 34वां वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। 2 अक्टूबर को 2500 महिलाओं की कलश यात्रा निकलेगी। 3 और 4 अक्टूबर को शाम 7 बजे से भजनामृत सत्संग होगा। इसमें लखबीर सिंह लक्खा, नंदकिशोर शर्मा समेत देश-विदेश के भजन गायक प्रस्तुति देंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया- संस्था की शुरुआत 15 अगस्त 1992 को मिश्र राजाजी का रास्ता स्थित रावत भवन में एक कमरे से हुई थी। ओमप्रकाश रावत ने यहां पहली ज्योत जलाई थी। इसके बाद हर शनिवार बाबा श्याम की ज्योत जलाकर भजन संध्या की जा रही है। संस्था की ओर से देश के कई तीर्थ स्थलों के साथ विदेशों में भी बाबा श्याम की ज्योत जलाई गई है। 2500 महिलाएं एक ही गणवेश में शामिल होंगी कलश यात्रा 2 अक्टूबर को श्री राधा दामोदर मंदिर, पीतल फैक्ट्री से रवाना होकर खंडेलवाल कॉलेज पहुंचेगी। 2500 महिलाएं एक ही गणवेश में सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गाते हुए चलेंगी। यात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, तीन बैंड, चार रथ और विभिन्न झांकियां शामिल होंगी। गणेशजी, हनुमानजी, भारत माता और बाबा श्याम के रथ मुख्य आकर्षण होंगे। महंत गोपाल दास महाराज और नवनिर्वाचित महापौर सुनील कोठारी आरती कर यात्रा को रवाना करेंगे। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कैलाश बड़ाया ने बताया- यात्रा मार्ग में विभिन्न समुदायों, सामाजिक संस्थाओं, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से स्वागत और आरती की जाएगी। मयूर कॉम्प्लेक्स के सामने विशाल मंच बनाया जाएगा। यहां से यात्रा पर फूलों की वर्षा होगी और करीब एक किलोमीटर सड़क पर फूल बिछाए जाएंगे। 251 थालियों में दीप जलाकर बाबा श्याम की आरती होगी। विशाल डोम में होंगे भजन कार्यक्रम 3 और 4 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए विशाल डोम तैयार किया गया है। इसमें भक्तों के बैठने के लिए कारपेट, पंखे और कूलर की व्यवस्था रहेगी। बाबा का दरबार श्याम महल में सजाया जाएगा। कलकत्ता से आए कारीगर 15 दिन से बाबा के श्रृंगार की तैयारी कर रहे हैं। भजन संध्या में नंदकिशोर शर्मा, लखबीर सिंह लख्खा, शुभम, रूपम, सौरभ शर्मा, संजू शर्मा, संतोष व्यास, मनोज ग्वालियर, निहाल ठाकुर, युक्त दीक्षित और गोविंद धामाणी प्रस्तुति देंगे। जयपुर के भजन गायक शंकर नाटाणी, राजू महरवाल, हेमंत माखीजा, सोनू पाराशर, मान पंडित, आशुतोष शर्मा, घनश्याम, अपूर्व, लोकेश पाराशर, निशा गोविंद, नवीन शर्मा, राज राठौड़, मनोज पारीक, हिमांशी कडारा, आदित्य छीपा, दिनेश संगम, सागर शर्मा, सोनू छीपा, हर्ष, पूजा पारीक और सोमेश जैन भी भजन प्रस्तुत करेंगे। समिति की ओर से देश-विदेश से आने वाले भक्तों के लिए ठहरने और बैठने की व्यवस्था की गई है। पूरी रात चाय-नाश्ते की सेवा के साथ चिकित्सा, पानी और सुरक्षा की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम का टीवी, यूट्यूब चैनल और भजन संध्या की वेबसाइट पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।