जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित शिव शक्ति नगर अजमेर रोड में पड़ोसियों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक और उसके भाई के साथ लाठी से मारपीट कर दी। घटना 6 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 5 बजे की है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक महिला युवक को बचाने का प्रयास करती नजर आ रही है। पूजा के दौरान अगरबत्ती लगाने को लेकर हुआ विवाद परिवादी रूपनारायण परेवा निवासी शिव शक्ति नगर अजमेर रोड जयपुर ने श्याम नगर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। परिवाद के अनुसार- वह सुबह अपने घर पर पूजा-पाठ कर रहा था।सामने अगरबत्ती लगा रहा था। आरोप है कि पड़ोसी राधेश्याम निर्वाण ने अगरबत्ती लगाने का विरोध किया। इसके बाद रूप नारायण ने अगरबत्ती नहीं लगाई। इसके बाद राधेश्याम अपने घर के सामने स्कूटी धोने लगा। रूपनारायण और उसके परिवार ने घर के सामने स्कूटी धोने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि राधेश्याम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। परिवार के कई लोग पहुंचे, डंडे से मारपीट की रूप नारायण के अनुसार- विवाद के दौरान राधेश्याम के दोनों बेटे आयुष और लकी भी मौके पर आ गए। इसके बाद राधेश्याम का बड़ा भाई गोपाल निर्वाण, उसका बेटा और विशाल निर्वाण भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर रूपनारायण के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ लोग लकड़ी और डंडे लेकर आए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके शरीर पर कई चोटें आईं। भाई को बचाने पहुंचे राजेंद्र से भी मारपीट रूप नारायण के भाई राजेंद्र खटीक ने बताया कि घटना के समय वह दुकान पर था। उसके छोटे भाई रूप नारायण ने फोन कर विवाद की जानकारी दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा। राजेंद्र का आरोप है कि जब वह विवाद शांत कराने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। राजेंद्र के मुताबिक- मारपीट के दौरान मेरे भाई को इतना पीटा गया कि उसके पैर पर नील के निशान पड़ गए। महिला ने बचाने का प्रयास किया, फिर भी डंडे से पीटा वीडियो में एक युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। इस दौरान एक महिला युवक को बचाने के लिए बीच में आती नजर आती है। आरोप है कि इसके बावजूद युवक के साथ डंडे से मारपीट की गई। पड़ोसियों की ओर से बीच-बचाव का प्रयास भी किया गया, लेकिन विवाद में शामिल लोगों ने युवक और उसके भाई को घेरकर पीटा। पुलिस में परिवाद देकर कार्रवाई की मांग परिवादी ने पुलिस से गोपाल निर्वाण, राधेश्याम निर्वाण, रवि निर्वाण, विशाल निर्वाण, आयुष निर्वाण, लकी निर्वाण और अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। श्याम नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।