जयपुर जिला परिषद सदस्य के पहले चरण की वोटिंग के लिए नामांकन प्रक्रिया 8 अक्टूबर से शुरू होगी। जिला निर्वाचन शाखा ने नामांकन पत्र भरने के लिए जिले में 5 स्थानों पर रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ऑफिस बनाए हैं। उम्मीदवार 13 अक्टूबर तक नॉमिनेशन फॉर्म भरे जा सकेंगे। निर्वाचन शाखा से जारी रिपोर्ट में इस बार वार्ड नंबर 1 से 10 तक के नामांकन पत्र सीकर रोड स्थित VKI रोड नंबर 5 पर मौजूद रीको ऑफिस में भरे जा सकेंगे। जबकि वार्ड संख्या 15 से 26 तक के नामांकन पत्र नगर निगम झोटवाड़ा जोन उपायुक्त कार्यालय खिरणी फाटक पर, वार्ड संख्या 11 से 14 और 51 से 57 तक के लिए नगर निगम हवामहल जोन उपायुक्त ऑफिस, वार्ड संख्या 27 से 37 तक के लिए पंचायत समिति ऑफिस सांगानेर और वार्ड संख्या 38 से 50 के लिए कलेक्ट्रेट ऑफिस में कमरा नंबर 45 में नामांकन पत्र भरने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के ऑफिस खोले गए है। 13 अक्टूबर तक होगी आखिरी तारीख जयपुर जिला परिषद के 57 सदस्यों के लिए नामांकन पत्र 8 अक्टूबर से लोकसूचना जारी होने के साथ भरने शुरू होंगे। 13 अक्टूबर तक नामांकन पत्र भरने की आखिरी तारीख होगी। हालांकि, राजकीय अवकाश के दिन नामांकन पत्र नहीं भरे जाएंगे। 14 अक्टूबर को प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 15 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी के पास नाम वापसी का समय होगा। 15 अक्टूबर को ही नाम वापसी का समय निकलने के बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।