जैसलमेर जिले में वायु सेना के अभ्यास के दौरान हुए एक हादसे में क्षतिग्रस्त हुए दो समाज के छात्रावासों को जिला प्रशासन की पहल पर बड़ी आर्थिक सहायता मिली है। वायु शक्ति-2024 के रिहर्सल के दौरान एक फाइटर विमान के गिरने से ये छात्रावास क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिला प्रशासन ने किए गए नुकसान के आकलन और भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर एयरफोर्स स्टेशन जैसलमेर ने यह मुआवजा राशि स्वीकृत की है। जिला कलेक्ट्री सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल और एयरफोर्स स्टेशन जैसलमेर के एयरकमाडोर महेन्द्र सिंह ने पीड़ितों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए। भील समाज और मेघवाल समाज को मिला मुआवजा इस दौरान जिला भील विकास समिति जैसलमेर के अध्यक्ष धारा राम भील को भील समाज छात्रावास के क्षतिग्रस्त हॉल और स्टोर की मरम्मत के लिए 25 लाख 16 हजार रुपए का चेक सौंपा गया। वहीं दूसरी ओर, मेघवाल समाज छात्रावास की क्षतिग्रस्त चारदीवारी की क्षतिपूर्ति के लिए 2 लाख रुपए की राशि का चेक मेघवाल विकास समिति के कोषाध्यक्ष रावता राम को प्रदान किया गया। सहायता राशि प्राप्त होने के बाद दोनों समितियों के पदाधिकारियों ने वायु सेना के अधिकारियों और जिला प्रशासन के प्रति अपनी ओर से आभार जताया। कार्यक्रम में वायु सेना के अधिकारी मौजूद रहे इस राहत वितरण कार्यक्रम में वायु सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें विंग कमाण्डर संतोष दूबे, विंग कमाण्डर शिवा ठाकुर, फ्लांइग आफिसर विशाल त्यागी और वारण्ट ऑफिसर मीनू शर्मा शामिल थे। एयर कमाडोर महेन्द्र सिंह ने इस अवसर पर कहा- जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर ही एयरफोर्स ने दोनों छात्रावासों को यह सहायता राशि दी है, ताकि समय पर नुकसान की भरपाई हो सके और छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन और वायु सेना के इस कदम की स्थानीय लोगों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।