उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में ऑटोमेटिक सिगनलिंग के तकनीकी कार्य के चलते जैसलमेर से जुड़ी महत्वपूर्ण रेल सेवाओं का संचालन गड़बड़ा गया है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस तकनीकी ब्लॉक के कारण जैसलमेर और दिल्ली के बीच चलने वाली प्रसिद्ध रूणिचा एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें प्रभावित रहेंगी, जिससे स्वर्ण नगरी आने-जाने वाले स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली सराय रोहिल्ला-पटेलनगर-पालम स्टेशनों बीच चल रहे निर्माण और तकनीकी कार्यों के चलते यह कदम उठाया गया है। जैसलमेर से जुड़ी ट्रेनों के निरस्त होने और मार्गों में बदलाव से यात्रियों की आगामी यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस रूट पर आवागमन करने वाले यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए ट्रेनों की स्थिति जांच कर ही घर से निकलना चाहिए।