जैसलमेर जिले में इस साल बारिश बेहद कम हुई है। इससे हालात बहुत खराब हो गए हैं। पिछले साल भी सूखा रहने के कारण प्राकृतिक चारागाहों में घास बिल्कुल नहीं उग पाई थी। इस बार भी पर्याप्त पानी और बारिश न होने से स्थिति बदतर हो गई है। इसको लेकर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया- जैसलमेर की पूरी अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से खेती और पशुपालन पर टिकी है। लेकिन चारे और पानी की भारी कमी के कारण मवेशियों की जान पर बन आई है। हजारों जानवर या तो दम तोड़ रहे हैं या भूख-प्यास से तड़प रहे हैं। साथ ही पशुपालकों के सामने भी रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है, जिससे किसानों और पशुपालकों में भारी चिंता का माहौल बना हुआ है। राहत पैकेज की मांग छोटू सिंह भाटी ने लिखा- सूखे से जूझ रहे इस सीमावर्ती जिले के लोगों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही इस पर ध्यान देगी और कोई बड़ा राहत पैकेज जारी करेगी। गर्मी और पानी की कमी से जूझ रहे इलाकों में टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाने और विशेष राहत योजनाओं को तुरंत लागू करने की सख्त जरूरत है।