दिवाली के त्योहार और सर्दियों की छुट्टियों से ठीक पहले जैसलमेर आने-जाने वाले लोगों के लिए बेहद अच्छी खबर आई है। आगामी 25 अक्टूबर से जैसलमेर एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। इंडिगो और एयर इंडिया एयरलाइंस ने अपना नया विंटर शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत दिल्ली के लिए 3 और मुंबई के लिए 2 सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। उड़ानों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी कंपनियों की वेबसाइट और ऐप पर चालू कर दी गई है। लंबे समय बाद हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों के साथ-साथ जैसलमेर के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी राहत मिल सकेगी। दिल्ली और मुंबई के लिए तय हुआ शेड्यूल टूर ऑपरेटर भाटिया हॉलीडेज के अखिल भाटिया ने बताया- गर्मियों के दौरान जैसलमेर से फ्लाइट्स बंद रहने के कारण यहां के पर्यटन व्यापार पर असर पड़ता है। अब दिवाली और न्यू ईयर सीजन को देखते हुए टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। त्योहारों के आसपास की तारीखों के लिए टिकटों की मांग अभी से काफी बढ़ गई है। सीधी उड़ानों की शुरुआत से जैसलमेर के होटल, टैक्सी, गाइड और हैंडीक्राफ्ट व्यापार से जुड़े लोगों को इस सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है।