स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूरे देश में चलाए जा रहे 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' के तहत जैसलमेर जिला प्रशासन द्वारा पहल की जा रही है। शुक्रवार, 2 अक्टूबर को सुबह 7 बजे शहर की गड़ीसर झील पर श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के तहत आयोजित होने वाले इस जन-अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके शहर और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जिम्मेदार बनाना तथा सामूहिक भागीदारी से स्वच्छता का संदेश देना है। जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन करेंगे श्रमदान इस कार्यक्रम में जैसलमेर के स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, एनएसएस-एनसीसी के स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्ध नागरिक भाग लेंगे। सभी के सहयोगात्मक प्रयासों से गड़ीसर झील के घाटों, आसपास के ऐतिहासिक छतरियों के परिसरों और पैदल मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, झील क्षेत्र से प्लास्टिक कचरे और अनावश्यक खरपतवार को हटाकर इसे और अधिक सुंदर व स्वच्छ स्वरूप प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जैसलमेर के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में अधिकाधिक संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। प्रशासन का कहना है कि हर एक नागरिक का छोटा सा योगदान भी 'स्वच्छ और सुंदर जैसलमेर' के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।