जैसलमेर में जिला रसद विभाग ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई की है। जिला रसद अधिकारी सवाई राम को सूचना मिली थी कि जैसलमेर शहर स्थित गफूर भट्ठा इलाके में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रवर्तन निरीक्षक गोकुल चंद मीणा के नेतृत्व में टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान एक इको से 33 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मौके पर ड्राइवर कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं दिखा सका। विभाग ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गाड़ी और सभी सिलेंडर जब्त कर लिए हैं। जिला रसद विभाग ने जिले में चल रहे अवैध गैस के काले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना पर तुरंत एक्शन गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे जिला रसद अधिकारी सवाई राम को सूचना मिली कि गफूर भट्ठा इलाके में अवैध तरीके से घरेलू गैस सिलेंडरों को इधर-उधर ले जाया जा रहा है। बिना देर किए जिला रसद अधिकारी ने प्रवर्तन निरीक्षक गोकुल चंद मीणा के साथ मिलकर एक स्पेशल टीम बनाई और तुरंत बताए गए ठिकाने पर पहुंच गए। तलाशी में मिले 33 सिलेंडर मौके पर पहुंचकर टीम ने एक संदिग्ध गाडी की तलाशी ली। इस गाड़ी में अवैध रूप से रिफिलिंग (गैस भरने) के लिए ले जाए जा रहे कुल 33 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। जब्ती के दौरान गाड़ी के मालिक गोविंद सिंह (पुत्र नरपत सिंह) से इन सिलेंडरों के कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा पाया। नियमों के खिलाफ जाकर कमर्शियल इस्तेमाल के लिए इन सिलेंडरों को ले जाया जा रहा था। सामान और गाड़ी जब्त सरकारी नियमों के उल्लंघन को लेकर सभी 33 सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले की रिपोर्ट आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उपखंड अधिकारी जैसलमेर को भेज दी गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जब्त किए गए सभी सिलेंडर स्थानीय 'महेंद्र गैस सर्विस' को सुरक्षित रखवाने के लिए सौंप दिए गए हैं। वहीं, अवैध परिवहन में इस्तेमाल की गई गाड़ी को कोतवाली पुलिस थाने में खड़ा करवा दिया गया है।