जैसलमेर जिले में जनसेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ एक माह के 'विकसित भारत-जन सेवा अभियान' का भव्य आगाज हुआ है। प्राचीन ऐतिहासिक स्थली वैशाखी-ब्रह्मसर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर की उपस्थिति में जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों में आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत न केवल प्रशासनिक अधिकारियों बल्कि लाभार्थी परिवारों ने भी अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर राज्य सरकार के इस बड़े अभियान को जन-जन का अभियान बना दिया, जिससे जिलेभर में उत्साह और सकारात्मकता का माहौल छा गया। घरों में दीप जलाकर निभाई जनभागीदारी जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस एक महीने के विशेष अभियान के पहले दिन ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वैशाखी-ब्रह्मसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और किसानों ने अपने-अपने घरों पर दीप जलाकर ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के संकल्प को मजबूत समर्थन दिया। घर-घर प्रज्ज्वलित हुए दीपों से समाज में सकारात्मकता, सेवा और विकास की भावना का संदेश प्रसारित हुआ। जिले के सभी ब्लॉकों में गूंजा सेवा और समर्पण का संदेश केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि जैसलमेर जिले के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि देश और प्रदेश का विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि जनसहयोग और सामूहिक संकल्प से ही संभव है। समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सभी विभागों को पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। योजनाओं का लाभ दिलाने पर रहेगा विशेष जोर इस एक महीने तक चलने वाले अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विशेष शिविर और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्ग के लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाएगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरपत सिंह हरसानी, विकास अधिकारी महेश सिंह राठौड़, राजीविका प्रबंधक हिम्मत सिंह कविया, समाजसेवी कंवराज सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक सुशासन का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।