जैसलमेर में मानसून की बेरुखी के बीच सितंबर में गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो छह साल बाद सितंबर में 40 डिग्री के पार दर्ज हुआ है। न्यूनतम तापमान भी 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को जैसलमेर जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लंबे समय बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। अगस्त के पहले सप्ताह के बाद से बारिश नहीं जैसलमेर जिले में करीब एक महीने से रुक-रुककर बादल तो दिखाई दे रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं हुई। अगस्त के पहले सप्ताह में हुई छिटपुट बारिश के बाद से जिले में सूखा बना हुआ है। वातावरण में नमी कम होने और पश्चिमी गर्म हवाओं के सक्रिय रहने से दिन में गर्मी और उमस बढ़ गई है। रात में भी न्यूनतम तापमान 27 डिग्री से ऊपर रहने के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही। सोमवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम के असर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। सोमवार को जैसलमेर जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अगर सोमवार को उम्मीद के मुताबिक बारिश होती है तो तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे जिलेवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। 2019 में 40.2 डिग्री पहुंचा था पारा इससे पहले वर्ष 2019 में सितंबर महीने में जैसलमेर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इस बार शनिवार को 40.5 डिग्री तापमान दर्ज होने से पिछले कई सालों का रिकॉर्ड टूट गया। तीखी धूप और शुष्क हवाओं के कारण दोपहर में गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहा।