सलूंबर जिले के सराड़ा में गणपति विसर्जन के दौरान जयसमंद झील में दो युवक डूब गए। हादसा सराड़ा थाना क्षेत्र के गामड़ी गांव में गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ। हादसे में 15 साल के मावाराम की मौत हो गई। वहीं 25 साल का शंकरलाल अभी तक लापता है। उनकी तलाश के लिए देर रात तक बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण इसे रोकना पड़ा। विसर्जन के लिए झील में उतरे थे जयसमंद चौकी इंचार्ज मणिलाल ने बताया- सलूंबर थाना क्षेत्र के जावद ग्राम पंचायत के मोटी काकर गांव से ग्रामीण गणपित की प्रतिमा लेकर गामड़ी स्थित जयसमंद झील पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के दौरान कुछ युवक पानी में उतरे। इसी दौरान मावाराम और शंकरलाल गहरे पानी की तरफ चले गए और देखते ही देखते डूब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। 15 साल के किशोर ने रास्ते में तोड़ा दम साथ मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों युवकों को बचाने की कोशिश की। काफी कोशिशों के बाद मोटी काकर निवासी मावाराम (15) पुत्र शंकरलाल को पानी से बाहर निकाल लिया गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं शंकरलाल पुत्र जवानलाल गहरे पानी में लापता हो गया। पुलिस और बचाव टीम ने उसकी तलाश में देर रात तक अभियान चलाया। लेकिन अंधेरा बढ़ने और पानी में कम दिखने के कारण बचाव कार्य रोकना पड़ा। बुधवार सुबह दोबारा तलाश अभियान शुरू किया जाएगा। कई अधिकारी मौके पर पहुंचे हादसे की सूचना मिलते ही सराड़ा विकास अधिकारी, तहसीलदार और सराड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस की मौजूदगी में बचाव अभियान चलाया। लापता युवक के मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।