बारां में जलझूलनी एकादशी के मौके पर भगवान सांवला जी मंदिर में नामदेव महिला मंडल ने भजन-कीर्तन का आयोजन किया। मंगलवार को हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं पीले वस्त्रों में शामिल हुईं। भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। नामदेव महिला मंडल की शर्मिला चित्तौड़ा और उषा सांखला ने बताया कि हाड़ौती इलाके में जलझूलनी एकादशी पर जलवा पूजन की परंपरा कई सालों से चली आ रही है। इसी परंपरा के तहत सांवला पंचायत के नामदेव समाज के लोग और महिलाएं मिलकर इस आयोजन में शामिल होते हैं। कीर्तन के बाद दोपहर में भगवान सांवला जी के विमान को मंदिर से निकाला जाएगा। यह विमान यात्रा शहर के मुख्य रास्तों से होते हुए डोल की पाल पहुंचेगी। वहां भगवान का विधिवत जलवा पूजन किया जाएगा। इस यात्रा में समाज के लोग भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ शामिल होंगे।