जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन चार वार्डों से चार प्रत्याशियों ने 6 नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन प्रस्तुत करने पहुंचे। हालांकि भाजपा और कांग्रेस की ओर से अभी तक प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी नहीं की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जालोर नगर परिषद और आहोर व सायला नगर पालिका में पहले चरण में मतदान होगा, जबकि भीनमाल और सांचौर नगर पालिका में दूसरे चरण में मतदान कराया जाएगा। जालोर नगर परिषद के वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन जालोर एसडीएम के समक्ष लिए जा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया 27 से 31 अगस्त तक चलेगी। निर्धारित स्थानों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के कारण इन दिनों नामांकन नहीं होंगे। ऐसे में प्रत्याशियों को गुरुवार के बाद शनिवार और सोमवार को ही नामांकन दाखिल करने का मौका मिलेगा। 6 ने किए नामांकन पहले दिन वार्ड 39 से भगवानाराम पुत्र कस्तुराराम माली ने भाजपा और निर्दलीय के रूप में दो नामांकन दाखिल किए। वार्ड 38 से बसंती देवी ने भी भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन प्रस्तुत किए। वहीं वार्ड 28 से महेन्द्र ने भाजपा और वार्ड 31 से अजय कुमार ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। राजनितिक दल भी तैयारियों में लगे भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राखी राठौड़ ने नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत जालोर जिले में महिला मोर्चा की चुनावी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए विमला जी विश्नोई को जालोर जिला प्रभारी नियुक्त किया है। विधानसभा समन्वयक हिमपाल सिंह देवल ने सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक नगर परिषद जालौर के विभिन्न वार्डों से टिकट के लिए इच्छुक दावेदारों से व्यक्तिगत संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक दावेदार से उनके वार्ड के राजनीतिक एवं सामाजिक समीकरणों, जनाधार, संगठन में सक्रियता तथा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर जानकारी ली। वन-टू-वन संवाद के दौरान दावेदारों से उनके क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की स्थिति, आमजन के बीच उनकी सक्रियता तथा चुनाव में जीत की संभावनाओं को लेकर भी फीडबैक लिया गया।