जालोर नगर परिषद के नवनियुक्त सभापति बंशीलाल माली और उपसभापति मुमताज अली पदभार ग्रहण करने के बाद शहर में निरीक्षण अभियान चला रहे हैं। जिसके दूसरे दिन भीनमाल रोड स्थित निर्माणाधीन टाउनहॉल का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति और खराब गुणवत्ता को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और नगर परिषद आयुक्त को ठेकेदार के खिलाफ तुरंत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। तय समय पर पूरा नहीं हुआ निर्माण भीनमाल रोड पर 5 बीघा सरकारी भूमि पर नगर परिषद के जरिए 17 करोड़ की लागत से टाउनहॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना को 2 वर्ष में पूरा किया जाना था, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी और मॉनिटरिंग के अभाव के कारण 4 साल बीत जाने के बाद भी 50% काम पूरा नहीं हो सका है। इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान भवन की गुणवत्ता में कई खामियां पाई गईं। एक दीवार नींव से बाहर खिसकी हुई और ऊपरी मंजिल पर दबी हुई पाई गई। सभापति ने झुके पिलर और खराब दीवारों को तोड़कर दोबारा बनाने और सभी कमियों को सुधारने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सभापति और आयुक्त ने दिया अल्टीमेटम सभापति बंशीलाल माली ने बताया- पूर्व में क्या हुआ, यह मुझे नहीं पता, लेकिन अब भवन निर्माण की गुणवत्ता की पूरी जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण मानक के अनुरूप नहीं पाया गया तो ठेकेदार का भुगतान (पेमेंट) रोक दिया जाएगा। आयुक्त शिवपाल सिंह ने कहा- कार्य में देरी और गुणवत्ता में सुधार को लेकर ठेकेदार को पहले भी कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टाउन हॉल के साथ पार्किंग और सोलर प्लांट की सुविधा भीनमाल रोड पर नगर परिषद की ओर से 5 बीघा जमीन पर महात्मा गांधी टाउन हॉल बनेगा। इसमें 1 बीघा में गार्डन, कॉन्फ्रेंस हॉल और 100 कारों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके अलावा हॉल में 550 सीटें होगी। बिल्डिंग की छत पर 30 केवी का सोलर प्लांट भी लगेगा। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जरिए घोषणा की गई थी। ये रहे मौजूद… निरीक्षण के दौरान उपसभापति मुमताज अली, आयुक्त शिवपाल सिंह, पार्षद बसंत सुथार, दिनेश माली, नरेश राणा सहित कई पार्षद एवं नगर परिषद के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।