प्रदूषण नियंत्रण विभाग सिरोही ने पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के मामले में जालोर जिले के रानीवाड़ा तहसील के कूड़ा गांव स्थित जेके कंस्ट्रक्शन कंपनी के हॉट मिक्स प्लांट को सीज कर दिया। विभाग के अनुसार, पूर्व में सील किए गए प्लांट को कथित रूप से सील तोड़कर दोबारा संचालित किया जा रहा था। क्षेत्रीय अधिकारी विनय कट्टा के निर्देशन में सहायक पर्यावरण अभियंता शंकरलाल बिश्नोई ने विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। विभाग ने बताया कि पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के चलते इकाई का संचालन पहले भी बंद करवाया गया था। बाद में प्लांट को सील कर दिया गया था। इसके बावजूद इकाई प्रतिनिधि पर सील तोड़कर प्लांट दोबारा चालू करने का आरोप है। कूड़ा गांव के ग्रामीण प्लांट से होने वाले प्रदूषण को लेकर क्षेत्रीय कार्यालय में लगातार शिकायतें कर रहे थे। ग्रामीणों ने प्लांट के संचालन से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव की जांच और कार्रवाई की मांग की थी। विभाग ने अब इकाई के खिलाफ पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति वसूलने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। सील तोड़कर प्लांट का संचालन किए जाने के आरोप को भी विभाग ने गंभीरता से लिया है।