झाड़ोली बस स्टैंड के पास देर रात अज्ञात बदमाशों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक मोबाइल शॉप और एक टायर पंचर की दुकान को निशाना बनाया। घटना का पता तब चला जब सुबह दुकान मालिक अपनी दुकानों पर पहुंचे। हालांकि, चोरी में ज्यादा बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन झाड़ोली में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। इससे पुलिस की गश्त प्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। चोरों ने मोबाइल शॉप से मोबाइल एक्सेसरीज और कुछ नए-पुराने फोन चुराए। वहीं, टायर पंचर की दुकान से औजार, टायर और गल्ले में रखी नकदी भी ले गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का पता लगाया जा सके। बस स्टैंड जैसे मुख्य मार्ग पर हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा और जल्द ही वारदात का खुलासा नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।