झालावाड़ में लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत और जागरूकता बढ़ाने के लिए गुरुवार को मिनी सचिवालय सभागार में शतायु मतदाताओं का सम्मान हुआ। साथ ही, मतदाता साक्षरता क्लबों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। जिला कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने झालरापाटन की 101 साल की बानो का सम्मान किया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी सोनू कुमारी ने उन्हें माला और प्रशस्ति पत्र दिया। राठौड़ ने कहा कि बानो जैसे मतदाता लोकतंत्र की प्रेरणा हैं। युवाओं को वोट डालने के लिए किया प्रेरित उन्होंने युवाओं और महिलाओं सहित सभी मतदाताओं से वोट डालने और दूसरों को प्रेरित करने की अपील की। बानो के योगदान के लिए आभार जताया गया। लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद कॉलेजों में चलने वाले मतदाता साक्षरता क्लबों (ईएलसी) को मजबूत करने पर बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि युवा लोकतंत्र की अहम ताकत हैं। ईएलसी के जरिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को चुनाव प्रक्रिया और जागरूकता से जोड़ा जाए। कॉलेजों को वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, वोटिंग प्रक्रिया और नैतिक मतदान पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम करने के निर्देश दिए गए। ये गतिविधियां सिर्फ औपचारिकता न हों, बल्कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से असरदार कार्यक्रम हों।