झालावाड़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर भाजपा के ‘सेवा पखवाड़े’ के तहत गुरुवार को मुंडेरी स्थित विशेष योग्यजन बच्चों के स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा नेता इंद्रजीत सिंह झाला ने विशेष योग्यजन बच्चों के साथ केक काटकर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को खाना खिलाया और उनके साथ समय बिताया। बच्चों से जानी पढ़ाई और जरूरतें झाला ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और जरूरतों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ वक्त बिताया और उनके बीच खुशियां बांटी। कार्यक्रम के दौरान स्कूल का माहौल खुशनुमा रहा और बच्चों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। ‘बच्चों के बीच खुशियां बांटना सेवा का मौका’ भाजपा नेता इंद्रजीत सिंह झाला ने कहा कि विशेष योग्यजन बच्चों के बीच आकर उनके साथ खुशियां बांटना सेवा का मौका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा के कार्यों से जोड़कर मनाया जा रहा है। जन्मदिन के मौके पर समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटने और सेवा कार्यों में भाग लेने का संदेश दिया जा रहा है। जिले में हो रहे सामाजिक कार्यक्रम भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा पखवाड़े’ के तहत जिले में कई सामाजिक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इनमें साफ-सफाई अभियान, रक्तदान, हेल्थ कैंप, पौधरोपण और जरूरतमंदों की मदद जैसे कार्य शामिल हैं। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। ये रहे मौजूद मुंडेरी के विशेष योग्यजन स्कूल में हुए कार्यक्रम में एबीवीपी जिला संयोजक दीपेंद्र सिंह, भाजपा नेता विकास शर्मा, गुलशन शर्मा, लखवीर सिंह, अभय कुमार सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।