झालावाड़ नगर परिषद में नए बोर्ड के गठन के बाद सभापति राजेश गुर्जर और उपसभापति फारूख अहमद शहर की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार सुबह दोनों जनप्रतिनिधियों ने पार्षदों, सफाई कर्मचारियों और जमादारों के साथ सुबह 7 बजे से शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। सभापति राजेश गुर्जर और उपसभापति फारूख अहमद ने गढ़ पार्क, घंटाघर, भवानी क्लब पार्क, बस स्टैंड सर्किल और फायर स्टेशन सहित कई जगहों का दौरा किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था और पार्कों की साफ-सफाई देखी। अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कल से 10 नई गाड़ियां शुरू करेगी कचरा संग्रहण निरीक्षण के दौरान घर-घर कचरा संग्रहण के लिए चल रहे वाहनों का भी औचक निरीक्षण किया गया। सभापति और उपसभापति ने कर्मचारियों को समय पर घर-घर पहुंचकर कचरा जमा करने को कहा। नगर परिषद 2 अक्टूबर से 10 नई कचरा संग्रहण गाड़ियां शुरू करेगी। इससे घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था और बेहतर बनेगी और कचरे की समस्या हल होगी। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लोगों से भी कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की है।