झालावाड़ कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आवश्यक सेवाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आमजन से जुड़ी आवश्यक सेवाओं, विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को समय पर और प्रभावी ढंग से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राजकीय कार्यालय भवनों के पट्टों के निर्माण और पंजीकरण के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायत स्तर पर बने सरकारी कार्यालय भवनों के पट्टों का पंजीकरण पूरा कर लिया गया है। इस तरह का काम पूरा करने वाला झालावाड़ प्रदेश का पहला जिला है। सरकारी भवनों के पट्टों का पंजीकरण पूरा कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी परिसंपत्तियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और राजस्व अभिलेखों में दर्ज होना इन परिसंपत्तियों की स्थिति को मजबूत और स्पष्ट बनाएगा। इससे सरकारी भवनों से संबंधित रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रहेंगे। बिजली सप्लाई में फॉल्ट पर तुरंत कार्रवाई बैठक में जिले की बिजली सप्लाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जेवीवीएनएल के अधिकारियों को झालावाड़ शहर सहित पूरे जिले में बिना रुकावट और अच्छी बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बिजली सप्लाई से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान मिले। फॉल्ट और तकनीकी समस्याओं को ठीक करने के लिए जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित रखने के निर्देश भी दिए। पेयजल व्यवस्था के लिए वैकल्पिक इंतजाम रखें कलेक्टर ने जिले में पेयजल सप्लाई की भी विस्तार से समीक्षा की। जल स्रोत क्षेत्रों में ज्यादा पानी भरने या किसी अन्य कारण से सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को पहले से तैयारी रखने को कहा। उन्होंने पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं सहित सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। जमींदोज स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण की कार्ययोजना पर चर्चा बैठक में जमींदोज किए गए राजकीय विद्यालयों के भवनों के पुनर्निर्माण पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से पुनर्निर्माण के लिए तैयार कार्ययोजना और बजट आवंटन की जानकारी ली। उन्होंने आगामी कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय भवनों से जुड़े कार्यों में आवश्यक समन्वय रखते हुए विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। सम्पर्क पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण में तेजी जिला कलेक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज आमजन की शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक होना चाहिए। इसके साथ ही सभी अधिकारियों को ई-फाइलों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रसद, जल संसाधन और कृषि कार्यों की समीक्षा बैठक में रसद, जल संसाधन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने विभागवार कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि जिले में आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाया जा सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचन्द्र खटीक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।